रजत पाटीदार आईपीएल 2025 में RCB की कप्तानी करेंगे। RCB ने गुरुवार को रजत पाटीदार को कप्तान बनाने की घोषणा की। RCB ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स और लाइव सेशन के जरिये 31 साल के रजत पाटीदार को कप्तान नियुक्त किया।
रजत पाटीदार RCB के आठवें कप्तान बने। इससे पहले फाफ डु प्लेसिस ने तीन सीजन तक फ्रेंचाइजी की कमान संभाली थी। मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार पर आरसीबी को पहली बार आईपीएल खिताब दिलाने की जिम्मेदारी होगी। आरसीबी ने अब तक एक बार भी IPL खिताब नहीं जीता है। रजत पाटीदार के नेतृत्व में फ्रेंचाइजी को खिताबी सूखा खत्म करने की उम्मीद है।
कप्तानी में रजत का रिकॉर्ड
31 साल के रजत पाटीदार को राज्य टीम के नेतृत्व का अनुभव हासिल है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 2019 से 2024 तक मध्य प्रदेश की कमान संभाली।
पाटीदार ने इस दौरान 12 मैचों में जीत दर्ज की जबकि चार में शिकस्त का सामना करना पड़ा।
रजत ने अपनी कप्तानी में मध्य प्रदेश को 2024-25 एसएमएटी फाइनल में पहुंचाया था, जहां मुंबई से मात मिली थी।
2024-25 एसएमएटी में रजत पाटीदार दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 9 पारियों में 61.14 की औसत से 428 रन बनाए थे।
रजत पाटीदार का आईपीएल करियर
रजत पाटीदार ने आईपीएल 2021 में RCB की तरफ से डेब्यू किया था।
तब से रजत पाटीदार को 27 मैचों में खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 34.74 की औसत और 158.85 के स्ट्राइक रेट से 799 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक जमाए।
रजत पाटीदार के लिए सबसे शानदार सीजन 2024 का रहा, जहां उन्होंने 15 मैचों में 5 अर्धशतकों की मदद से 395 रन बनाए थे। तब उनकी औसत 30.38 की रही जबकि स्ट्राइक रेट 177.13 का रहा। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 55 रन था।
रजत पाटीदार का इंटरनेशनल करियर
1 जून 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्में रजत पाटीदार को भारत की तरफ से तीन टेस्ट और एक वनडे खेलने का मौका मिला।
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने तीन टेस्ट की छह पारियों में 63 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 32 रन रहा। वहीं, एक वनडे में उन्होंने 22 रन बनाए।
घरेलू क्रिकेट की बात करें तो रजत पाटीदार ने 68 फर्स्ट क्लास मैचों में 13 शतक और 24 अर्धशतकों की मदद से 4738 रन बनाए। वहीं, लिस्ट ए क्रिकेट में पाटीदार ने 64 मैचों में 4 शतक और 13 अर्धशतकों की मदद से 2211 रन बनाए। उन्होंने 75 टी20 मैचों में एक शतक और 24 अर्धशतकों की मदद से 2463 रन बनाए।
कौन-कौन रह चुका RCB का कप्तान